December 4, 2023 7:42 pm

लक्ष्मण दान कविया को मिला चारण साहित्य शिरोमणि सम्मान

नागौर। राजस्थानी भाषा मान्यता संघर्ष समिति के संस्थापक वरिष्ठ साहित्यकार लक्ष्मण दान कविया को चारण साहित्य शोध संस्थान अजमेर की ओर से चारण साहित्य शिरोमणि सम्मान 2023 से सम्मानित किया गया।


यह सम्मान कविया को चारण साहित्य शोध संस्थान अजमेर में आयोजित हुए राष्ट्रीय समारोह में प्रदान किया गया। पुरस्कार स्वरूप कविया को 11 हजार रुपये नकद राशि,शाॅल, श्रीफल,स्मृति चिह्न एवं साहित्य भेंट किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि भुज से सांसद रहे पुष्प दान गढवी थे। समारोह की अध्यक्षता धरोहर संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष औंकारसिंह लखावत ने की।

इस अवसर पर लखावत ने अपने उद्बोधन में कहा कि लक्ष्मण दान कविया जैसे निष्पक्ष एवं निर्विवाद व्यक्ति विरले ही होते हैं। हम कविया जी का सम्मान कर खुद सम्मानित हुए हैं। कवि प्रहलाद सिंह झोरड़ा ने बताया कि मूलतः खैण गाँव निवासी लक्ष्मण दान कविया अन्तर्राष्ट्रीय राजस्थानी भाषा मान्यता संघर्ष समिति के संस्थापक एवं वरिष्ठ राजस्थानी साहित्यकार हैं। कविया की अब तक 18 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी है । आपकी चर्चित कृति रूंख सतसई पर राजस्थान सरकार द्वारा सर्वोच्च वानिकी लेखन पुरस्कार प्रदान किया जा चुका है।

इसके अलावा दलित सतसई, मजदूर सतसई, रुत सतसई, सार सतसई आपकी अन्य चर्चित पुस्तकें हैं। कविया को सर्वोच्च राजस्थानी साहित्यकार सम्मान, राष्ट्रीय लखोटिया राजस्थानी पुरस्कार, मारवाड़ रत्न सम्मान,कन्हैयालाल सेठिया सम्मान सहित एक दर्जन से अधिक सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। कविया को चारण साहित्य शिरोमणि सम्मान से नवाजे जाने पर साहित्यकार पवन पहाड़िया, डाॅ.गजादान चारण, राजेश विद्रोही,पृथ्वीराज रतनू, प्रहलाद झोरड़ा, श्रीराम वैष्णव,सांवल दान कविया,सुखदेव सिंह गाडण, डाॅ.राम रतन लटियाल,सत्यपाल सांदू,फत्तूराम छाबा आदि ने प्रसन्नता प्रकट की है।

News Inside 7
Author: News Inside 7


इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This Post